मनाली (कुल्लू)। सड़क पर जमी बर्फ में वाहन फिसलने से दुर्घटनाएं हो रही हैं। मनाली में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन लोग बाल-बाल बचे हैं। क्लाथ में बर्फ में फिसलकर एक टेंपो ट्रैवलर ब्यास में जा गिरा। इसमें चालक सुरक्षित है।
लोगहट्स मार्ग में जिप्सी चढ़ाई में अचानक पीछे की ओर चलने लगी। उतराई होने के कारण दो लोगों ने जिप्सी से कूदकर अपनी जान बचाई है। जानकारी के अनुसार पर्यटकों को मनाली में छोड़ने के बाद एक टेंपो ट्रैवलर रविवार को कुल्लू की ओर जा रहा था। क्लाथ पुल के समीप बर्फ में फिसलकर ब्यास में जा गिरा।
इसमें सिर्फ चालक सवार था। चालक सुरक्षित है, लेकिन टेंपो ट्रैवलर को नुकसान पहुंचा है। क्रेन से टेंपो ट्रैवलर को बाहर निकाला गया। दूसरा हादसा मनाली के लोगहट्स मार्ग पर पेश आया।
चढ़ाई में जिप्सी अचानक फिसलकर पीछे की तरफ चल पड़ी। जिप्सी में सवार चालक और अन्य व्यक्ति ने कूदकर अपनी जान बचाई। एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने कहा कि सड़क पर बर्फ होने के कारण फिसलन बढ़ गई है। उन्होंने चालकों से खराब मौसम में अनावश्यक सफर न करने की अपील की है। संवाद