कुल्लू। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नग्गर खंड के कटराईं और आनी विकास खंड के दलाश में पंचायतों से निकलने वाले प्लास्टिक कचरे का उचित तरीके से निपटारा होगा। यहां पर प्लास्टिक कचरा निपटाने के लिए संयंत्र स्थापित होंगे। प्लास्टिक कचरा निपटान संयंत्र स्थापित करने के लिए स्वीकृति मिल गई है।
आसपास की पंचायतों को भी इसका लाभ मिलेगा। वर्तमान में भुंतर से लेकर कुल्लू तक का सारा कचरा मनाली के रांगड़ी कूड़ा संयंत्र में जा रहा था। अब प्लास्टिक कचरा निपटान संयंत्र होने से पंचायतों का प्लास्टिक कचरा मनाली नहीं जाएगा। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग ने भूमि का चयन किया था।
भूमि का चयन होने के बाद सारी औपचारिकताओं को पूरा करके केस एफसीए की मंजूरी के लिए वन विभाग को भेजा गया था। वन विभाग की ओर से कूड़ा संयंत्र के लिए स्वीकृति मिल गई है। इसके बाद प्लास्टिक कचरा निपटान संयंत्र स्थापित होंगे। कुल्लू जिले में पंचायतों के पास प्लास्टिक कचरे का निपटारा करने के लिए संयंत्र नहीं है।
इस संबंध में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की उपनिदेशक एवं परियोजना अधिकारी जयबंती ठाकुर ने कहा कि विभाग की ओर से पांच जगहों का केस बनाकर मंजूरी के लिए भेजा गया था। इसमें से नग्गर खंड और आनी खंड में एक-एक प्लास्टिक कचरा निपटान संयंत्र को स्वीकृति मिल चुकी है। तीन की अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है।