पर्यटन नगरी मनाली के भजोगी में चोरी हुए थे लाखों के गहने और नकदी
पश्चिम बंगाल के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पुलिस ने मनाली के भजोगी में हुई लाखों की चोरी का मामला सुलझा दिया है। मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पश्चिम बंगाल के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने चोरी की गई चांदी भी बरामद कर ली है।
30 अगस्त को मीना ठाकुर पुत्री शेर सिंह निवासी चिचोगा की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया था। शातिर सोने और चांदी के लाखों के आभूषणों और नकदी पर हाथ साफ कर गया था। डीएसपी केडी शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के माता-पिता से पूछताछ की गई तो पाया कि आरोपी अंकित (27) निवासी ग्राम चमड़ाहवर, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश जो वर्तमान में वार्ड नंबर पांच, मकान नंबर 50, मनु मार्केट, तहसील व थाना मनाली में रहता है। पुलिस ने शहर के समीप ही आरोपी की ओर से एक डंगे में छिपाकर रखे चांदी के गहने बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी अंकित ने खुलासा किया है कि चोरी किया गया अन्य सामान उसने जियारुद्दीन निवासी गांव चौक महरूम, डाकघर रजापुर, थाना लालगोला, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के पास दिया है। जांच के दौरान जियारुद्दीन के मोबाइल फोन की टाॅवर लोकेशन पश्चिम बंगाल में पाई गई। पुलिस ने उससे संपर्क कर मनाली बुलाया और उसे हिरासत में लिया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी 30 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर है।