केलांग में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के बाद हो चुके हैं 400 मरीज के अल्ट्रासाउंड
पहले उदयपुर से कुल्लू तक करना पड़ता था करीब 190 किमी का एकतरफा सफर
दिनेश जस्पा
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में रेडियोलाॅजिस्ट की तैनाती से लाहौल-स्पीति के मरीजों को बड़ी राहत मिली है। पिछले साल 13 नवंबर से मरीजों को अल्ट्रासाउंड सुविधा का लाभ मिल रहा है।
जानकारी के मुताबिक अब तक 400 से अधिक मरीज क्षेत्रीय अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करवा चुके हैं। सर्दियों के मौसम में इस तरह की सुविधा जिले के लोगों को मिलना राहत की बात है। वहीं, काजा में भी अल्ट्रासाउंड सुविधा मिल रही है। लोगों को शिमला के चक्कर काटने से छुटकारा मिला है।
पहले मरीजों को एक अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए उदयपुर से कुल्लू तक करीब 190 किलोमीटर का एकतरफा सफर तय करना पड़ता था। इसके लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे। खासकर गर्भवती महिलाओं को बर्फबारी के दिनों में कुल्लू की ओर आवाजाही में काफी परेशानी रहती थी। अब केलांग में अल्ट्रासाउंड सुविधा मिलने से मरीजों को काफी राहत मिली है। स्पीति घाटी के मरीजों को भी अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए आईजीएमसी शिमला के चक्कर काटने पड़ते थे। नागरिक अस्पताल काजा में भी अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल रही है। इससे पेट से जुड़ीं बीमारियों, गर्भावस्था, महिलाओं के रोग, यूरोलाजी (मूत्र रोग) ट्यूमर की पहचान, ह्रदय और रक्त की वाहिकाएं, मस्कुलोस्केलेटल की सुविधा मिलने से जिले के लोग राहत महसूस कर रहे हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल केलांग और नागरिक अस्पताल काजा में रेडियोलाॅजिस्ट की तैनाती से जिले की 31564 आबादी को राहत मिल रही है। इसके लिए लोगों ने विधायक का आभार जताया है। क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में तैनात रेडियोलाॅजिस्ट चिकित्सक विक्रांत नेगी ने बताया कि 13 नवंबर के बाद से अब तक क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में 400 से अधिक मरीजों को अल्ट्रासाउंड सुविधा का लाभ मिला है। सीएमओ केलांग डाॅ. रोशन लाल ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में आधुनिक मशीन से अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध है। इससे मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए जिला से बाहर नहीं जाना पड़ रहा है।