एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के छुट्टी पर जाने से पेश आ रही दिक्कत, मरीजों का बढ़ रहा मर्ज
अस्पताल में पहले ही अल्ट्रासाउंड के लिए मिलती है महीनों की तारीख
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल रही है। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने से मरीज परेशान हो रहे हैं। अस्पताल में मनाली, बंजार, सैंज, भुंतर के अलावा दूसरे जिले लाहौल-स्पीति, मंडी और चंबा के कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीज उपचार करवाने आते हैं। अल्ट्रासाउंड न होने की वजह से मरीजों को भटकना पड़ रहा है।
मरीजों को अस्पताल पहुंचने पर सूचना मिल रही है कि अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर हैं और इस वजह से अल्ट्रासाउंड सेवा बंद पड़ी है। इससे मरीजों का मर्ज कम होने के बजाय बढ़ रहा है। तीमारदारों को भी मरीजों का निजी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए भटकना पड़ रहा है।
जिले में महज क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में ही रेडियोलॉजिस्ट तैनात हैं। नागरिक अस्पताल मनाली, बंजार, आनी, निरमंड के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरी में अल्ट्रासाउंड की सुविधा है, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण इन क्षेत्रों के मरीजों को भी चिकित्सक क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए भेजते हैं। इससे पहले ही मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए ढाई से तीन माह की तारीख मिल रही है। अब रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर रहने से इस तारीख में और बढ़ोतरी होगी। मरीज आशा ठाकुर, शालू, मनीषा, शिवांगी ने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट न मिलने के कारण उन्हें अब अल्ट्रासाउंड के लिए फिर से लंबा इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग को एक अतिरिक्त रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती करनी चाहिए।
...
रेडियोलॉजिस्ट 18 अप्रैल तक अवकाश पर हैं। अस्पताल में 19 अप्रैल से अल्ट्रासाउंड की सेवाएं मिलेंगी।
-डॉ. नरेश चंद, चिकित्सा अधीक्षक
000