कुल्लू/बंजार। पर्यटन स्थल जलोड़ी दर्रा घूमने गए पर्यटकों की बाइक सोझा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवक घायल हुए हैं। दोनों युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
घायलों को बंजार से कुल्लू अस्पताल के लिए रेफर किया है। कुल्लू से एक घायल को एम्स बिलासपुर के लिए भेजा है। पुलिस को दिए बयान में गर्वित बुद्धिराजा पुत्र सुरेंद्र बुद्धिराजा, निवासी अंबाला कैंट हरियाणा ने बताया कि वे अंबाला से कुल्लू घूमने आए थे। रविवार को भुंतर से तीन बाइक किराये पर लेकर जलोड़ी जोत गए थे। वापसी के दौरान शाम करीब 6 बजे सोझा के पास बाइक चालक हिमांशु राय ने बाइक का ब्रेक फेल होने की बात बताई। इसके बाद बाइक सड़क किनारे पहाड़ी से टकरा गई।
दुर्घटना में चालक हिमांशु राय (25) पुत्र विनय कुमार राय निवासी वाराणसी उत्तर प्रदेश तथा उसके साथ बैठा सम्यक जैन (22) पुत्र विकास जैन निवासी आगरा उत्तर प्रदेश घायल हो गए। कुल्लू अस्पताल से सम्यक जैन काे चिकित्सकों ने एम्स बिलासपुर के लिए रेफर किया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर ने कहा कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। संवाद