घाटी के पर्यटन स्थलों में 20 सेंटीमीटर तक हिमपात होने की सूचना
बर्फ के सफेद चादर ओढ़ने से घाटी के पर्यटन कारोबार को लगेंगे पंख
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। दो सप्ताह बाद लाहौल घाटी का मौसम खुशगवार हो गया है। बुधवार तड़के करीब 4:00 बजे मौसम बदला और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। सुबह करीब 9:00 बजे तक पूरी चंद्राघाटी बर्फ की चांदी से सफेद हो गई।
रोहतांग दर्रा सहित रिहायशी इलाकों कोकसर, सिस्सू, अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल, जिस्पा, दारचा में लगभग पांच घंटे तक बर्फबारी हुई। अनुमान के अनुसार इन इलाकों में पांच से 20 सेंटीमीटर तक बर्फ गिरी है। पूरी वादी का पारा लुढ़कने से कड़ाके की ठंड पड़ गई है। बाद में मौसम खुला और लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने घरों, होटलों और होमस्टे की छत पर गिरी बर्फ को हटाने का काम शुरू किया। बर्फबारी के बीच घंटों तक बिजली भी गुल रही।
बर्फ की सफेदी को देखकर कुल्लू-मनाली से लेकर लाहौल के पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए और घाटी में पर्यटकों की आवाजाही में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। कारोबारी प्रशांत, सचिन, किशन, गोपाल और रमेश ने बताया कि कोकसर और अटल टनल रोहतांग के आसपास बर्फबारी होने से सैलानियों को मनाली से लाहौल पहुंचते ही बर्फ देखने को मिलेगी।
बुधवार को मौसम खुलने के बाद सैैलानी अटल टनल होकर पर्यटकों को ग्रांफू तक बर्फ के दीदार करने का मौका मिला। बुधवार को मनाली से अटल टनल होकर सिस्सू की ओर भी कई सैलानी पहुंचे और ताजा बर्फबारी देख कर गदगद हो गए। सैलानियों ने एक दूसरे पर बर्फ के गोेले फेंके और फोटो के साथ सेल्फी ली।
कुल्लू में झमाझम बरसे बादल
कुल्लू। जिले में भी सुबह के समय जमकर बारिश हुई। बारिश से सड़कों से उठ रही धुल-मिट्टी से राहत मिली है। इसके अलावा लहसुन, गेहूं और जौ की बिजाई के लिए खेत खलिहानों में नमी हो गई है। किसान मान सिंह, नरोत्तम ठाकुर, कपिल ठाकुर और प्रताप सिंह ने कहा कि बुधवार तड़के तीन से चार घंटे तक बारिश हुई है जिससे किसानों को लाभ होगा।