पतलीकूहल/कुल्लू। जिले में दो नाबालिग छात्रों के स्कूल न पहुंचने और बिना बताए घर से कहीं चले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायत में छप्पे राम निवासी जोहल ने बताया कि उनका 16 वर्षीय दोहता रुद्र और प्रीतम सिंह का 17 वर्षीय बेटा सुमित दोनों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायसन के विद्यार्थी हैं। दोनों छात्र 10 सितंबर को स्कूल नहीं पहुंचे और बिना किसी को बताए कहीं चले गए हैं।
परिजनों ने दोनों की रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों को आशंका है कि दोनों नाबालिगों को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों नाबालिग छात्रों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।