जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने पौने दो किलो चरस बरामद की है। इस सिलसिले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हवालात में डाल दिया है। उनके खिलाफ नशीले पदार्थ निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आउटर सिराज आनी के हरिपुर में पुलिस ने नाका लगा रखा था।
इस बीच एक वाहन को चेकिंग के लिए रोका गया। उसमें बैठे आनी क्षेत्र के जां गांव के रहने वाले टिका राम के कब्जे से एक किलो छह सौ ग्राम चरस बरामद की गई। वहीं, बंजार में फागु पुल के समीप पुलिस नियमित गश्त पर थी। उसी दौरान पुलिस को हरियाणा की नंबर प्लेट वाली एक कार आती दिखी।
कार को तलाशी के लिए रोका गया। इस दौरान कार में सवार हरियाणा के जींद के अलवा गांव निवासी भूपेंद्र राणा के कब्जे से 252 ग्राम चरस बरामद की गई। एएसपी निश्चिंत नेगी ने दोनों आरोपियों से चरस बरामद करने के बाद उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।