भुंतर और मनाली स्कूल को मिला दर्जा, जिले में बढ़कर अब 15 हुई संख्या
दोनों स्कूलों ने मार्च में किया था पीएम श्री में शामिल होने के लिए आवेदन
राजीव नैय्यर
कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुंतर और मनाली को प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम एसएचआरआई) योजना में शामिल किया गया है। इससे जिले में पीएम श्री विद्यालयों की संख्या 13 से बढ़कर 15 हो गई है।
हालांकि, इन विद्यालयों ने मार्च 2025 में पीएम श्री योजना में शामिल होने के लिए आवेदन किया था। इसे अब मंजूरी मिल गई है। पीएम श्री का दर्जा मिलने से इन दोनों विद्यालयों में अध्ययनरत सैकड़ों विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी।
गौर रहे कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुंतर और मनाली विद्यालय अब नई शिक्षा नीति से जुड़ेंगे और आधुनिक तकनीक से लैस होंगे। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्मार्ट शिक्षा के साथ सभी तरह की अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इनमें डिजिटल लाइब्रेरी, टिंकरिंग प्रयोगशाला, रोबो प्रयोगशाला, हर्बल गार्डन, ग्रीन हाउस, किचन हाउस, स्मार्ट क्लासरूम, ओपन एयर जिम, सोलर पैनल आदि स्थापित किए जाएंगे। उधर, जिला नोडल अधिकारी कुलदीप शर्मा ने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दो विद्यालय पीएम श्री की श्रेणी में शामिल हुए हैं। इनमें भुंतर और मनाली विद्यालय का नाम शामिल है।
पीएम श्री में चयनित विद्यालय को योजना के तहत पांच वर्ष के लिए 1.88 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस बजट से विद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। - डॉ. सुनील दत्त ठाकुर, जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा एवं उपनिदेशक शिक्षा गुणवत्ता
ये विद्यालय हैं पीएम श्री में चयनित
कुल्लू, मौहल, बंजार, मनाली और मंगलौर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय और हरिपुर, भुट्टी, बंजार, सैंज, शैंशर, आनी, निरमंड के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और सुल्तानपुर (कुल्लू) का वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया योजना में पहले से शामिल हैं।