मनाली। शहर के मॉडल टाउन स्थित एक निजी होटल में शुक्रवार को पुलिस ने छापा मार कर 20.420 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में पंजाब निवासी दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशा कहां से लाए और कहां लेकर जा रहे थे, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मॉडल टाउन स्थित होटल के एक कमरे में चिट्टा रखा गया है।
तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद 26 वर्षीय गगनदीप सिंह निवासी वार्ड नंबर दो, सराफा बाजार, अम्लोह, फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) और 45 वर्षीय दर्शन सिंह निवासी वार्ड नंबर एक, खन्ना रोड, चुंगी अम्लोह, फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) के कब्जे से 20.420 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि पुलिस ने चिट्टा बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।