सिस्सू के पास पर्यटक और नेपाली मूल के लोग उलझते हुए।---सोर्स....वीडियो ग्रेब
सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो, नेपाल मूल के लोगों और पर्यटकों के बीच हुआ विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू के बीच पागलनाला के पास दो गुटों में मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है।
बताया जा रहा है कि नेपाल मूल के लोगों और पर्यटकों के बीच किसी बात पर यह मारपीट हुई है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों की पहचान कर ली है।
पर्यटकों की पहचान की जा रही है। वीडियो तीन दिन पहले का बताया जा रहा है। इसमें दिख रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो रही। अचानक एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे चलाने लगते हैं। एक व्यक्ति हाथ में डंडा लिए दिखाई दे रहा है। मारपीट के दौरान एक पर्यटक युवती चीखती हुई सुनाई देती है।
डीएसपी केलांग राज कुमार ने कहा कि मारपीट को लेकर पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आई है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच की तो पाया कि मारपीट का वीडियो अटल टनल रोहतांग और सिस्सू के साथ पागलनाला का है। वीडियो की जांच के बाद पहचान में आए तीनों व्यक्ति जिप लाइन में कार्यरत कर्मचारी पाए गए। इनमें दो व्यक्ति नेपाल मूल और एक व्यक्ति जिला मंडी का है। आरोपियों की पहचान ओम बहादुर (22) निवासी नेपाल, पेमा शेर्पा (25) निवासी नेपाल और यांशुल (19) औट, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। पर्यटकों की पहचान जिला पुलिस सोशल मीडिया सेल, प्रभारी पुलिस थाना केलांग एवं प्रभारी पुलिस चौकी कोकसर की ओर से की जा रही है।
डीएसपी ने स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में नदी-नालों के समीप न जाएं। अगर कोई दुर्व्यवहार करता है तो इसकी सूचना नजदीक के पुलिस थाना में दें या 112 नंबर पर संपर्क करें।