एनएच 305 पर एक्सल टूटने से खराब हुआ टिप्पर। कई घटें बाधित रहा यातायात।-संवाद
बंजार (कुल्लू)। बंजार से जिभी की तरफ जा रहा एक ट्रक भेउट मोड़ के पास खराब हो गया। इस कारण बंजार-जलोड़ी-आनी हाईवे 305 करीब छह घंटे तक आवाजाही के लिए बंद रहा। पूर्वाह्न 11:30 बजे के आसपास हाईवे बंद हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक का एक्सल टूट गया था। इस कारण ट्रक बीच हाईवे पर खड़ा हो गया। ऐसे में दोनों तरफ से छोटे वाहनों की कतार लग गई। खासकर बंजार की तरफ से आनी, रामपुर, निरमंड, छतरी, गाड़ागुशैणी, खौली और जलोड़ी दर्रा की तरफ जाने वाले लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी छोटे वाहनों को वामतट होकर गंतव्य की तरफ रवाना किया। पुलिस ने यातायात सुचारु रखने के लिए बाकायदा सूचना जारी की।
बंजार और कुल्लू आने वालेे लोगों को बाईपास भरठीधार से खुंदर सड़क होकर आने को कहा गया। कुल्लू और बंजार से आनी एवं गाड़ागुशैणी की तरफ जाने वाले वाहनों को बंजार के खुंदन से वाया भरठीधार सड़क पर भेजा गया। पुलिस ने स्थिति को भांपते हुए यहां फंसे वाहनों को वापस भेजकर वामतट मार्ग से रवाना किया। इससे पहले बंजार से भेउट मोड़ तक करीब दो किलोमीटर का लंबा जाम लग गया था।
जानकारी के अनुसार जिस जगह पर ट्रक खराब हुआ वहां पर हाईवे पहले से ही संकरा है। ऐसे में ट्रक को हटाने की भी जगह नहीं थी। छेत में डंगा गिरने से हाईवे-305 पहले से ही बसों के लिए बंद है। यहां सवारियों को ट्रांसमिट किया जा रहा है। रविवार को ट्रक के खराब होने से सवारियों को बसों को पकड़ने के लिए करीब आधा किमी पैदल जाना पड़ा है। डीएसपी बंजार राज कुमार ने कहा कि हाईवे पर एक ट्रक खराब हो गया जिस कारण आवाजाही प्रभावित हुई। शाम 5:30 बजे हाईवे को बहाल कर दिया गया।