एनएचपीसी चरण-दो की टनल हादसे में घायल मजदूर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचाराधीन। -संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। गड़सा घाटी के शिलागढ़ में एनएचपीसी चरण दो की टनल में लोको पेसेंजर (ट्राली) पलट गई है। इसमें 25 कामगार सवार थे। इसमें तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों का जिला अस्पताल कुल्लू लाया गया और एक मजदूर को नेरचौक के लिए रेफर किया है। जबकि एक जिला अस्पताल में उपचार चल रहा और तीसरे को अस्पताल से छुट्टी दे दी है।
हादसे में घायल हंस राज (43) पुत्र हरी राम निवासी गांव पलौटा सुंदरनगर जिला मंडी ने बताया कि वह पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण दो में शिलागढ़ में बतौर पंप आपरेटर तैनात है। इन दिनों शिलागढ़ में एनएचपीसी की सुरंग का कार्य चल रहा है। सोमवार रात करीब 8:00 बजे वे लोको (ट्राली) से काम खत्म करके मजदूरों के साथ आ रहे थे। इस दौरान ट्राली एकाएक पलट गई। इससे उसमें सवार 25 लोग नीचे गिर गए।
इसमें कुछ लोगों की मामूली चोट लगी जबकि हंस राज, खेम राज और बैजनाथ को गंभीर चोटें आईं। रात के समय उन्हें कंपनी की एंबुलेंस में कुल्लू अस्पताल लाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्माण कर रही कंपनी की कामगारों की सुरक्षा संबंधी सही व्यवस्था न करने के कारण हादसा हुआ।
हादसे में घायल बैजनाथ को छुट्टी दी गई है। सुंदरनगर के खेमराज को नेरचौक रेफर किया है। उनकी टांग में चोट लगी है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।