केलांग (लाहौल-स्पीति)। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जिला लाहौल-स्पीति में जनजातीय गौरव उत्सव का आयोजन 15 नवंबर को पुराने सर्किट हाउस में किया जाएगा। उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने सोमवार को जनजातीय गौरव उत्सव की तैयारी को लेकर हुई बैठक की अध्यक्षता में यह बात कही।
बताया कि जनजातीय गौरव उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, मैराथन और पेंटिंग प्रतियोगिता भी होगी। इस दौरान धरती आबा जनजाती ग्राम उत्कर्ष अभियान कार्यक्रम के बारे में आम जनता को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग के अधिकारियों को उत्सव के दौरान निशुल्क स्वास्थ्य शिविर और कृषि बागवानी, वन विभाग को प्रदर्शनियां लगाने को कहा। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के सहयोग से गौरव उत्सव में घाटी के स्वयं सहायता समूह के फूड स्टॉल लगेंगे। इस अवसर पर एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना अधिकारी मनोज कुमार सहित जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।