लाहौल में उदयपुर-मड्ग्रां सड़क पर टायरिंग बिछाने में जुटी बीआरओ की मशीनरी।-संवाद
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। उदयपुर-मड्ग्रां सड़क पर अब सफर आसान हो जाएगा। बीआरओ 94 आरसीसी ने करीब 400-500 मीटर में कच्ची इस सड़क की टारिंग का काम बुधवार को शुरू कर दिया है। इससे स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग आखिर पूरी हो रही है।
उदयपुर-मड्ग्रां के बीच मिनी मनाली के नाम से मशहूर स्थान है। वहां देवदार और कायल के घने जंगल और खूबसूरत नजारे आने वाले हर पर्यटक का मन मोह लेते हैं। इसी के कुछ फासले पर मड्ग्रां की ओर 400-500 मीटर कच्चे पैच पर टारिंग नहीं हुई थी लेकिन अब बीआरओ इस पैच पर टारिंग कर रहा है।
हालांकि, साल 2024 में बीआरओ ने मड्ग्रां गांव के बीच से गुजरने वाली सड़क की टारिंग कर बड़ी राहत दी थी। दयपुर-मड्ग्रां सड़क पर मिनी मनाली के पास स्थित यह स्थान ही टारिंग से छूट गया था। बीआरओ 94 आरसीसी के ओसी मेजर पारस ने बताया कि पांच दिन में उदयपुर-मड्ग्रां के बीच सड़क टारिंग से चकाचक कर दी जाएगी।
मड्ग्रां के ग्रामीणों ने बीआरओ सहित विधायक अनुराधा राणा का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि कच्ची सड़क के कारण आवाजाही में परेशानी के अलावा धूल उड़ने से फसलें खराब हो रही थी लेकिन सड़क के पक्का होने से परेशानी नहीं आएगी।