कुल्लू। जिला सांस्कृतिक परिषद राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, नई दिल्ली के सहयोग से पुस्तक मेले के आयोजन के लिए प्रस्ताव एवं कार्ययोजना तैयार करे, ताकि जिले में पठन-पाठन की संस्कृति को और अधिक बढ़ावा मिल सके। यह बात उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने कही। उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला सांस्कृतिक परिषद की बैठक आयोजित की गई। इसमें परिषद की गतिविधियों, आय-व्यय तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सांस्कृतिक परिषद के खाते में 14.79 लाख रुपये की राशि उपलब्ध है। वहीं, गत वर्ष विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्थाओं को विभिन्न आयोजनों के लिए परिषद की ओर से 2.33 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है। इसके बाद बैठक में विभिन्न संस्थाओं द्वारा अनुदान प्राप्ति के लिए प्रस्तुत प्रस्तावों का अनुमोदन भी किया। साथ ही परिषद की आय के स्रोत बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान सहायक आयुक्त जयबंती ठाकुर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा और जिला खेल अधिकारी कविता ठाकुर आदि उपस्थित रहे।