फल उत्पादक मंडल कुल्लू ने बैठक में लिया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। जिला कुल्लू से अन्य राज्यों की मंडियों में भेजे जाने वाले फलों का अब परिवहन बीमा कराया जाएगा। परिवहन के दौरान दुर्घटना या अन्य कारणों से फलों को नुकसान होने पर बागवानों को मुआवजा मिल सके, इसके लिए कुल्लू फल उत्पादक मंडल ने यह निर्णय लिया है।
मंडल के अध्यक्ष प्रेम शर्मा ने मंगलवार को माहिली स्थित बागवान भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। बैठक में मंडल के 35 सदस्यों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि दिल्ली सहित अन्य मंडियों में भेजी जाने वाली फलों की खेप का दुर्घटना बीमा कराया जाएगा, ताकि परिवहन के दौरान होने वाले नुकसान की भरपाई सुनिश्चित हो सके।
बैठक में सितंबर माह में भव्य एपल शो आयोजित करने तथा 15 अगस्त को बागवान भवन में ध्वजारोहण कार्यक्रम करने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा बंदरोल सब्जी मंडी की आढ़ती एसोसिएशन के साथ फलों की बोली, भुगतान और क्रेट्स से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। एसोसिएशन ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। प्रेम शर्मा ने कहा कि मंडल का उद्देश्य बागवानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके। संवाद