चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर इन दिनों जाम ने लोगों को परेशान करके रख दिया है। घंटों जाम में फंसने से स्थानीय लोगों समेत मनाली पहुंचे सैलानी भी परेशान हो रहे हैं। मनाली में विंटर कार्निवाल उत्सव के चलते बड़ी तादाद में लोग मनाली का रुख कर रहे हैं। लेकिन, यहां पुलिस जाम से निपटने में नाकाम साबित हो रही है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि चुनावी ड्यूटी होने के कारण समस्या पेश आ रही है। लेकिन, सवाल यह है कि जाम की यह समस्या पिछले कई दिनों से चल रही है जो पुलिस कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर रही है।
हालत ऐसे हैं कि आलू मैदान से मनाली बस स्टैंड तक पहुंचने में दो घंटे लग रहे हैं। पतलीकूहल से डोभी पुल के बीच भी जाम काफी लंबा खिंचने लगा है। जिस कारण आम लोग और सैलानी घंटों जाम में फंस रहे हैं। हालांकि, मनाली प्रशासन की ओर से भी कई बार पुलिस को जाम से निपटने के निर्देश दिए गए हैं लेकिन इसके बावजूद पुलिस कुछ करने को तैयार नहीं। इसके बारे में एसपी कुल्लू पदम चंद का कहना है कि जाम की कोई समस्या नहीं है।