कुल्लू। मानसून भले ही धीमा पड़ गया हो लेकिन शुक्रवार रात को जिले के कई के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश होने से लोग सहम गए। बंजार, सैंज, तीर्थन घाटी के साथ बाह्य सराज में भारी बारिश होने से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। खनेरनाला का जलस्तर बढ़ने से मार्ग बंद हो गया जिसे वाहन चालकों ने खुद पत्थरों और मलबे को हटाकर बहाल किया।
नालों में पानी बढ़ने और भूस्खलन के कारण 19 सड़काें पर यातायात ठप पड़ गया। हालांकि, सेब सहित अन्य फलों के सीजन को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सड़कों की बहाली का काम शुरू कर दिया है। जिले में बंद 19 सड़कों में सबसे अधिक 10 सड़कें आनी की हैं। इसके अलावा कुल्लू में चार, निरमंड में तीन और दो सड़कें बंजार की ठप हैं। भारी बारिश के बीच चली तेज हवाओं से बंजार के सैंज सहित कई इलाकों में रातभर बिजली गुल रही और लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा। हालांकि, शनिवार दोपहर तक बिजली को बहाल कर दिया गया। निरमंड क्षेत्र में एक ट्रांसफार्मर बंद है। जनजातीय जिला लाहौल के ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी होने से मौसम कूल-कूल हो गया है। कार्यवाहक उपायुक्त कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि बंद सड़कों और बिजली को बहाल करने का कार्य चल रहा है। इसके लिए पहले ही सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं।