कुल्लू में दशहरा उत्सव में मेन मार्केट में खाली पड़ी दुकाने।-संवाद
अस्थायी बाजार में कई दुकानें अभी चल रहीं खाली, नहीं बिके हैं प्लॉटमाल रोड में सज चुकी हैं दुकानें, कारोबारियों ने बेचना शुरू किया सामान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दूसरे दिन भी हाट-बाजार सजाने का काम जारी रहा। कारोबारी स्टॉल सजाने में जुटे हैं। शुक्रवार सुबह कई कारोबारी गाड़ियों में सामान लेकर मैदान और मालरोड पहुंचे।
गाड़ियों से सामान उतारकर दुकानों में लगाने में जुट गए। दिल्ली के सोनू ने कहा कि उन्होंने किरतपुर में दुकान लगाई थी। वहां से सामान समेटने में देरी हुई। दशहरा उत्सव के आयोजन पर पहले संशय था लेकिन बाद में स्थिति स्पष्ट हुई तो वह सामान समेटकर ढालपुर पहुंचे हैं। सोनू बैग की दुकान लगा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि उत्सव में अच्छा कारोबार होगा।
इधर, भगवान राजा कैंप के पीछे के बाजार में अभी 30 से अधिक प्लाॅट खाली हैं। इनमें दुकानें लगाने का काम शुरू नहीं हुआ है। कई प्लाॅट नहीं बिके हैं। इस कारण दुकानें खाली हैं। अन्य मैदानों में भी देश के कोने-कोने से आए कारोबारी अपनी दुकानें लगाने और सजाने का काम कर रहे हैं। माल रोड में दुकानें सज चुकी हैं। कारोबारियों ने सामान बेचना शुरू कर दिया है। खेल मैदान में लगे डोम में भी अधिकतर दुकानें सज चुकी हैं लेकिन कई दुकानें इसमें भी खाली हैं।
अभी पूरा नहीं सजा सस्ते कपड़ों का बाजार
फ्ली मार्केट में सस्ते दामों पर कपड़े उपलब्ध होते हैं। यह बाजार अभी पूरी तरह से नहीं सज पाया है। अभी दुकानदार अपना सामान पहुंचाने में लगे हैं। अपनी अपनी दुकान लगा रहे हैं। मैदान में काफी मात्रा में धूल उड़ रही है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। दशहरा उत्सव समिति की ओर से ट्रैक्टर के माध्यम से मैदान में पानी का छिड़काव किया जा रहा है। बावजूद इसके धूल से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।