सूनो मेररी आावाज...सूनो मेरी आवाज के लिए---
धूप खिलने पर कोकसर पहुंचे पर्यटक, आगे जाने की नहीं दी अनुमति
विद्युत बोर्ड के कर्मियों ने क्षेत्र में बहाल की बिजली, लोगों को मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। चार दिन बाद धूप खिलने से जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में मौसम खुशगवार हो गया है। मौसम खुलने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
धूप खिलने के बाद वीरवार को कुछ पर्यटक कोकसर पहुंचे। कोकसर चौकी से आगे जाने की उन्हें अनुमति नहीं दी गई। पर्यटकों ने बर्फ के बीच खूब मस्ती की। एक-दूसरे पर बर्फ के गोले बनाकर फेंके।
हालांकि वीरवार सुबह बादल छाए थे लेकिन 11:00 बजे के बाद धीरे-धीरे बादल छंटने लगे। दोपहर 12:00 बजे के बाद तेज धूप निकली। कई दिनों के बाद लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। कोकसर बाजार में विद्युत बोर्ड के कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बिजली बहाल की। बिजली बहाल होने से कारोबारियों को राहत मिली। चंद्राघाटी के सिस्सू, शाशिन और रोपसंग में भी स्थानीय लोगों की मदद से बिजली बहाल की गई। गौर रहे कि बर्फबारी के बाद कई जगह बिजली के तार क्षतिग्रस्त हुए हैं। ऐसे में बिजली बोर्ड कर्मियों को बर्फबारी में भी खूब मेहनत करनी पड़ रही है। उधर, पागलनाला में तंग और ऊबड़-खाबड़ सड़क होने से जाम की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़क अभी तक दुरुस्त नहीं हो पाई है। ऐसे में वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।