कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन के बाद खरीदारी को उमड़ी भीड़।-संवाद
लगातार चार दिन की बारिश के बाद कीचड़ और पानी से भर गया है मैदान
खरीदारी के लिए मुश्किल से दुकानों तक पहुंचे लोग, व्यापारी भी रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। दशहरा उत्सव का धूमधाम के साथ समापन हो गया हो लेकिन मैदान में बनी दलदल ने कारोबार की चमक पर एक गहरा साया डाल दिया है।
लगातार चार दिन की बारिश ने मैदान को कीचड़ और पानी से भर दिया है। इससे न दुकानदारों को अपने स्टाॅल तक पहुंचना आसान हो रहा है न ही खरीदारों को आराम से खरीदारी करने का मौका मिल रहा है। यह हालत उत्सव की रौनक को फीका कर रही है। कारोबारियों की उम्मीदों पर भी पानी फिर रहा है।
मैदान में सजीं दुकानों के बीच की गली में तालाब बन गए हैं। यहां पसरा कीचड़ लोगों को परेशान कर रहा है। महिलाएं और पुरुष बच्चों के साथ मेला मैदान में पहुंच रहे हैं। मैदान में उनका चलना मुश्किल हो गया है। वे सामान की खरीदारी नहीं कर पा रहे हैं। दुकानों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। ज्यादा समस्या खेल मैदान में लगी मार्केट में आ रही है। कारोबारियों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। कारोबारियों में संतोष कुमार, दीपक और रमेश ने कहा कि वह पहले ही चार दिन की बारिश से काफी नुकसान उठा चुके हैं। वीरवार को मौसम खुल गया है लेकिन मैदान में पसरा कीचड़ परेशान कर रहा है।
खरीदने के बाद सामान ले जाना भी हुआ मुश्किल
वीरवार को मौसम खुलते ही काफी संख्या में लोग अस्थायी मार्केट में खरीदारी करने पहुंचे लेकिन मैदान की खराब स्थिति के कारण लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। कीचड़ के बीच दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। जो दुकानों तक पहुंच भी पाए, उन्हें खरीदा हुआ सामान वाहनों और सड़क तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो गया। ग्रामीण क्षेत्र से ढालपुर पहुंचे पंकज ने कहा कि वह जरूरत का सामान खरीदने के लिए दशहरा संपन्न होने के बाद पहुंचे थे। मैदान की खराब हालत के कारण दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। वह ठीक से खरीदारी भी नहीं कर पाए। प्रशासन को मैदान में फैले कीचड़ को सुखाने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।