मलाणा में अभी भी बाहरी राज्यों के फंसे हैं 15 लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बादल फटने की घटना से मलाणा में फंसे 15 पर्यटकों को अब रशोल होकर निकाला जाएगा। मलाणा से रशोल का रास्ता पुराना है। यहां से आवाजाही भी रशोल और मलाणा के लोगों की होती है। ऐसे में अब इन पर्यटकों को रशोल के रास्ते निकालने की योजना है।
मलाणा में बादल फटने से केरल सहित अन्य राज्यों के करीब 15 पर्यटक फंसे हुए हैं। रास्ता बंद होने के बाद ये कहीं जा नहीं सके। इन पर्यटकाें ने प्रशासन से रेस्क्यू की अपील की है। पर्यटकों ने वीडियो अपलोड कर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी। अब इन पर्यटकों को रेस्क्यू करने के लिए टीम मलाणा पहुंच गई है। पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया जाएगा। मलाणा को जोड़ने वाला जरी-मलाणा मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। इसे दुरुस्त होने में समय लगेगा। इस संबंध में एसडीएम सदर विकास शुक्ला ने कहा कि पर्यटकों को रेस्क्यू करने के लिए टीम पहुंच गई है। इन्हें रेस्क्यू कर लिया जाएगा। संवाद