पर्यटन नगरी मनाली के हामटा में बने 25 से ज्यादा इग्लू, दूर-दूर से पहुंच रहे पर्यटक
बिस्तर के साथ खाना, चाय की व्यवस्था, स्कीइंग का भी आनंद उठा रहे सैलानी
संजय भारद्वाज
मनाली (कुल्लू)। बर्फीली घाटी और खून जमा देने वाली ठंड के बीच इग्लू (बर्फ का घर) में बिताए लम्हे स्वर्ग जैसा एहसास दिलाते हैं। समुद्रतट से करीब नौ हजार फीट की ऊंचाई पर बनाए इग्लू सैलानियों को अपनी ओर खींच रहे हैं। भाग-दौड़ भरी इस जिंदगी में सुकून की नींद लेने के लिए सैलानी हामटा पहुंच रहे हैंं।
इग्लू में बिस्तर के साथ खाना, चाय आदि की भी व्यवस्था है। स्कीइंग भी करवाई जाती है। मनाली का पर्यटन स्थल हामटा भी इग्लू विलेज बन गया है। इलाके में 25 से अधिक इग्लू बनाए गए हैं। इस कारोबार ने जहां लोगों के लिए रोजगार के द्वार खोले हैं, वहीं यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए नया डेस्टिनेशन बनकर भी उभरा है। हामटा और सेथन में इग्लू सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। इग्लू में रहने के लिए सैलानी पहुंच रहे हैं। इसके लिए सैलानी एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं। पिछले लगभग छह साल से हामटा और सेथन में इग्लू बनाए जा रहे हैं। जब से एलाइन दुहांगन विद्युत परियोजना ने हामटा के लिए सड़क का निर्माण किया है, तब से पर्यटक सैर-सपाटे के लिए पहुंचने लगे हैं। गर्मियों में सैलानी यहां की वादियों में गर्मी से राहत पाने के लिए आते हैं तो सर्दी में इग्लू में रहने का आनंद लेते हैं। हामटा के सेथन में इग्लू के मालिक टशी और विकास ने बताया कि वह कड़ाके की ठंड में बर्फ को इकट्ठा कर कड़ी मेहनत से इग्लू का निर्माण कर रहे हैं। अभी तक सैकड़ों सैलानी और स्थानीय लोग इसमें ठहर चुके हैं। उन्होंने इस बार पांच इग्लू बनाए हैं। यह मार्च तक रहेंगे। कई सैलानियों ने इस पर डाक्यूमेंट्री भी बनाई है। इसमें बिस्तर के साथ खाना, चाय आदि की भी व्यवस्था है। साथ में स्कीइंग भी करवाई जाती है।
5,500 में रहना और खाना, स्कीइंग भी करवा रहे
मनाली। टशी ने बताया कि इग्लू में रहने के लिए सैलानियों को एडवांस बुकिंग करवानी पड़ती है। एक इग्लू में दो व्यक्ति ठहर सकते हैं। एक रात के ठहरने और खाने के 5,500 रुपये लिए जाते हैं।
पर्यटक दिखा रहे इग्लू में रहने को दिलचस्पी
मनाली। हामटा में इग्लू संचालक मोहिंदर ने बताया कि पर्यटक इग्लू में रहने को खूब दिलचस्पी दिखा रहे हैं। दिल्ली, कोलकाता, मुंबई के पर्यटक इग्लू में रहने के लिए एडवांस बुकिंग कर हामटा पहुंच रहे हैं।