लाहौल के कोकसर में बर्फ के दीदार को पहुंचे पर्यटक।-संवाद
सुबह ही पहुंच गए थे सैलानी, स्कीइंग के साथ ट्यूब स्लाइडिंग का उठाया लुत्फ
खराब मौसम के बीच मनाली से ही रेन कोट और स्नो ड्रेस पहन पहुंचे थे पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। पर्यटन स्थल कोकसर में बारिश के बीच सैलानियों ने जमकर मस्ती की। शनिवार को वीकेंड पर काफी संख्या में सैलानी पहुंचे और सुहावने मौसम का आनंद उठाया।
सैलानी सुबह ही कोकसर और ग्रांफू पहुंच गए थे। सुबह 10:00 बजे के बाद रोहतांग दर्रा में बर्फबारी शुरू हो गई। इसके बाद पर्यटन स्थल ग्रांफू और कोकसर में झमाझम बारिश होने लगी। बारिश के बीच दिनभर सैलानियों का आना-जाना जारी रहा।
सैलानियों ने बारिश के बीच स्कीइंग का लुत्फ उठाया। ट्यूब स्लाइडिंग का भी आनंद लिया। बारिश के बीच बैरिकेट के आगे सैलानियों ने कदमताल कर स्नो पॉइंट पहुंचकर जोरबिंग बॉल के भीतर अपना सफर यादगार बनाया। कई सैलानियों से याक की सवारी भी की। एटीवी में बैठकर पर्यटक ग्रांफू पहुंचे। पर्यटकों को उम्मीद थी कि बारिश के बाद बर्फबारी भी होगी, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। पर्यटक बारिश से बचने के लिए रेन कोट पहनकर घूमते नजर आए। कई सैलानियों ने स्नो ड्रेस पहनी थी।