अटल टनल रोहतांग में हो रही बारिश में जुटे सैलानी।
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के पर्यटन स्थल कोकसर और सिस्सू के साथ अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल पर सैलानी बारिश के बीच झूमे। वीकेंड पर रविवार को हजारों की संख्या में पर्यटक कोकसर और सिस्सू पहुंचे। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल, कोकसर के समीप कुठ बिहाल मैदान तथा सिस्सू के नर्सरी में खूब मस्ती की। वहीं, पर्यटकों ने वादियों में बर्फ में खूब मस्ती की।
बीते शनिवार रात से रोहतांग दर्रा और अन्य ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो रही है, जबकि घाटी में बारिश का दौर जारी है। मार्च में घाटी सहित अटल टनल के नॉर्थ और साउथ पोर्टल में भी भारी बर्फ गिरी थी। इसके चलते इन दिनों धुंधी, अटल टनल नॉर्थ पोर्टल, कुठ बिहाल और सिस्सू सहित चार जगहों पर स्नो प्वाइंट बने हुए हैं। पर्यटकों को एक ही दिन में अटल टनल के दीदार करने के साथ इन चार जगहों पर साहसिक खेलों का आनंद मिल रहा है।
पर्यटक जिपलाइन, एडवेंचर बाइक राइड, जोरबिंग बाल, याक राइड, स्कीइंग, ट्यूब स्लाइडिंग, बंजी जंपिंग का आनंद उठा रहे हैं। पर्यटन कारोबारियों का कारोबार भी खूब चल रहा है। पर्यटन कारोबारी सोनम, यंगजोम, दीपक, छेरिंग, दीवान, राज ने बताया कि बीते शुक्रवार से ही पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कहा कि आने वाले पर्यटन सीजन में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। संवाद