आनी की तरफ से जलोड़ी दर्रा पहुंची छोटी गाड़ी। संवाद।
बर्फ के बीच की खूब मस्ती, लगा रहा रोज जाम
फोर बाई फोर वाहनों मे अटल टनल रोहतांग भी पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलंगनाला (कुल्लू)। पर्यटन नगरी पर्यटकों की आवाजाही से गुलजार हो गई है। मनाली के सभी पर्यटन स्थलों में रौनक बढ़ गई है।
अटल टनल के नॉर्थ और साउथ पोर्टल, धुंधी और सोलंगनाला आजकल पर्यटकों के लिए स्नो पॉइंट बन गए हैं। सोलंगनाला स्की ढलान में पर्यटक शीतकालीन खेलों का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
सोमवार को साधारण वाहन सोलंगनाला तक भेजे गए। वाहन ज्यादा होने और पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां ट्रैफिक जाम भी लग रहा है। हालांकि कई पर्यटक फोर बाई फोर वाहनों में अटल टनल तक पहुंचे। यहां पर पर्यटकों ने बर्फ में खूब मस्ती की। इस मार्ग पर वाहनों का जमावड़ा लगने से जाम की स्थिति भी बनी। शनाग पंचायत प्रधान रोशन लाल ने बताया कि पर्यटक अच्छी संख्या में आ रहे हैं। स्थानीय लोगों को अच्छा रोजगार मिल रहा है। उन्होंने सभी कारोबारियों से पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार करने की भी अपील की है। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि हालांकि इन दिनों पर्यटकों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। हनीमून के लिए जल्द पर्यटकों का यहां आना शुरू हो जाएगा। इसके बाद मनाली में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा।