लाहौल के कोकसर क्षेत्र में पहुंचे पर्यटक। संवाद
हल्की बर्फबारी के बीच शिंकुला दर्रा सोमवार को पर्यटकों की मस्ती का गवाह बना। सुबह ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई लेकिन कड़ाके की ठंड भी सैलानियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। समुद्रतल से करीब 16,800 फीट की ऊंचाई पर स्थित शिंकुला टॉप पर माइनस तापमान के बीच पर्यटक बर्फ से अठखेलियां करते नजर आए।
सोमवार को करीब दो सौ फोर-बाई-फोर वाहन शिंकुला दर्रा पहुंचे। हल्की बर्फबारी के दौरान भी सैलानी टॉप पर पहुंचकर बर्फ का आनंद लेते रहे। दिल्ली से पहुंचे पर्यटक अंकुश और दीपक ने बताया कि वे बर्फ देखने की आस लेकर दो दिन पहले मनाली पहुंचे थे। सोमवार को शिंकुला टॉप पर उनकी मुराद पूरी हो गई। गुजरात से आए अंशुल और पूजा ने कहा कि बर्फ से ढका शिंकुला टॉप किसी जन्नत से कम नहीं है। हालांकि यहां फूड वैन की कमी खल रही है।
इधर, पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि शिंकुला दर्रा बहाल होने से इस बार लाहौल घाटी में पर्यटन को खासा फायदा मिल रहा है। पर्यटन कारोबारी तेंजिन कटोच, दोरजे, मंगल और किशन ने बताया कि बड़ी संख्या में पर्यटक घाटी के होम-स्टे में रात्रि विश्राम कर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों की आमदनी बढ़ी है।
साथ ही स्थानीय टैक्सी कारोबारियों को भी अच्छा काम मिल रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्किड के खतरे के चलते दारचा चेकपोस्ट से सुबह दस बजे के बाद ही पर्यटक वाहनों को शिंकुला की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है। तेंजिन कटोच ने बताया कि शिंकुला टॉप तेजी से एक नए पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है। वर्तमान में टॉप पर करीब एक फुट तक बर्फ जमी हुई है जिसका पर्यटक भरपूर आनंद उठा रहे हैं।