सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कोकसर में पिछले दो दिनों से सैलानियों की आवाजाही थम गई है। इससे पर्यटन कारोबारियों में मायूसी है। घाटी में रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं। बीते शुक्रवार को पर्यटकों को क्षेत्र में जाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन उसके बाद फिर से बर्फबारी होने से हिमखंड गिरने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में सुरक्षा कारणों से सैलानी कोकसर का रुख नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, मनाली में सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
लगातार खराब मौसम और बर्फबारी के चलते कोकसर में पर्यटन गतिविधियां ठप पड़ी हैं। स्थानीय कारोबारी अनूप, नीमा, राहुल, प्रशांत और मोहित ने बताया कि बर्फबारी के कारण पिछले दो दिनों से सैलानी कोकसर नहीं पहुंच पा रहे हैं।
अटल टनल क्षेत्र में भी खराब मौसम के चलते साहसिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि मौसम सामान्य होने पर पर्यटन गतिविधियों में फिर से तेजी आएगी और उनका कारोबार पटरी पर लौटेगा। संवाद