कुल्लू के कसोल में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पर्यटक ने स्थानीय युवक के पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के कसोल में गोलीकांड की घटना सामने आई है, जिसमें एक स्थानीय युवक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि एक पर्यटक ने युवक के पैर में गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर बाद हुई, जब पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक पर्यटक ने पिस्टल निकालकर स्थानीय युवक के पैर में गोली मार दी। मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि घटना में पांच लोग संलिप्त हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।