रोहतांग दर्रा में बर्फ के दीदार को पहुंचे पर्यटक। दन दिनों मैदानी इलाको में पड़ रही गर्मी के बी
मनाली (कुल्लू)। समुद्रतल से 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा पर्यटकों की पहली पसंद बन गया है। रोहतांग में बर्फ का दीदार करने के लिए पर्यटन विभाग के ऑनलाइन परमिट का स्लॉट चंद मिनटों में बुक हो रहा है।
रोहतांग जाने के लिए मिलने वाले परमिट ऑनलाइन बुक हो रहे हैं। मंगलवार को भी रोहतांग में पर्यटकों का मेला लगा रहा। बर्फ के बीच मस्ती करने के लिए पर्यटकों में मारामारी मची हुई है। रोहतांग जाने के लिए मिलने वाले परमिट एडवांस में खरीदे जा रहे हैं।
मंगलवार को 1200 वाहनों में हजारों पर्यटक रोहतांग दर्रा पहुंचे। इसके अलावा एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस और पर्यटन निगम के टेंपो ट्रैवलर में भी पर्यटक रोहतांग पहुंचे। बर्फ का दीदार करने के साथ पर्यटक रोहतांग में स्नो स्कूटर, यॉक की सवारी का भी लुत्फ ले रहे हैं।
गौरतलब है कि एनजीटी के आदेशानुसार रोहतांग के लिए रोजाना 1,200 वाहन जा सकते हैं। इनमें डीजल के 400 जबकि पेट्रोल इंजन के 800 वाहनों को जाने की अनुमति है। होटलियर एसोसिएशन के निवर्तमान उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग में इजाफा हो रहा है। संवाद