पर्यटन नगरी में एक रेस्तरां संचालक ने वहां पहुंचे सैलानियों से दुर्व्यवहार किया। इतना ही नहीं, उसने सैलानियों से मारपीट भी की है। सैलानियों को अस्पताल में इलाज कराना पड़ा है। पुलिस ने सैलानियों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पश्चिमी बंगाल के कोलकाता शहर से मनाली घूमने आए सिद्धार्थ शंकर ने मनाली के एक रेस्तरां संचालक के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज करवाया है। उसने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रेस्टोरेंट संचालक ने आधी प्लेट खिलाने पर भी पूरी प्लेट के पैसे वसूल कर लिए। जब सैलानी की पत्नी ने इसका विरोध किया तो उसने कुछ गुंडे बुलाकर महिला और उसके बेटे को बेरहमी से पीट डाला।
गुंडों ने बीच बचाव करने आए लोगों को पीटने की भी धमकी दे डाली। स्थानीय लोगों ने रेस्टोरेंट संचालक की इस हरकत की कड़ी निंदा की है। एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने घाटी के होटल व्यवसायियों और टैक्सी संचालकों को सैलानियों के साथ ठीक से पेश आने की सलाह दी है।