स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां होने से कुल्लू-मनाली में आएगी पर्यटकों की बहार
जिले के पर्यटन स्थल पार्वती घाटी में 70 फीसदी तक घट गया था पर्यटन कारोबार
रोशन ठाकुर
कुल्लू। जिले में पर्यटन सीजन शुरू हुए एक महीना हो गया है। इस दौरान कुल्लू-मनाली का पर्यटन अपेक्षा से बहुत कम रहा है। अप्रैल के मुकाबले मई में पर्यटकों की संख्या में 70 फीसदी तक कमी दर्ज की गई है।
अब मैदानी इलाकों के स्कूलों में 15 मई से गर्मियों की छुट्टियां हैं। ऐसे में मैदान की गर्मी से पहाड़ में अब पर्यटन की गाड़ी दौड़ने की उम्मीद है।
16 मई को वीकेंड से होटलों की ऑक्यूपेंसी में 15 से 20 फीसदी का उछाल आया है। सैलानियों की प्रसिद्ध सैरगाह में शुमार पार्वती घाटी में शुक्रवार को 269 पर्यटक वाहनों की एंटी हुई है। पिछले सप्ताह साडा बैरियर में 200 वाहन घाटी में प्रवेश हुए थे। 15 अप्रैल के बाद यह संख्या 500 से 700 के बीच चल रही थी। मनाली में 16 मई को 1100 पर्यटक वाहन आए। पर्यटन कारोबारियों की मानें तो मई से पर्यटकों की संख्या एकाएक घट गई है। इससे होटलों में ऑक्यूपेंसी 70 फीसदी तक कम हो गई है। अब 15 मई से मैदानी इलाकों में गर्मियों की छुट्टियां होने से जिले के पर्यटन स्थलों और स्नो पॉइंट में रौनक लौटने की आस है। संवाद
-
मई में छंटती नजर आई पर्यटकों की भीड़
मनाली होटल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रहे गजेंद्र ठाकुर, गौतम ठाकुर, राजेंद्र प्रकाश, बलदेव ठाकुर और सुनील ठाकुर ने कहा कि मई में सैलानियों की भीड़ एकाएक छंटती हुई नजर आई। उन्होंने कहा कि मई में कुल्लू-मनाली में 4,000 पर्यटक वाहन आते थे। आजकल वीकेंड में 1500 वाहन भी नहीं आ रहे हैं। गौतम ठाकुर ने कहा कि मैदानी इलाकों में गर्मियों की छुट्टियां होने से पर्यटन को गति मिलेगी।