संयुक्त निरीक्षण करने के बाद उपायुक्त ने दिए दर्रा खुला रखने के आदेश
सुबह नौ बजे से तीन बजे तक ही रोहतांग दर्रा जा सकेंगे सैलानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी में आने वाले पर्यटक 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा का अब 18 दिसंबर तक दीदार कर सकेंगे। उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने 18 दिसंबर तक दर्रा खुला रखने के आदेश दिए हैं।
एसडीएम रमण कुमार शर्मा, डीएसपी केडी शर्मा और बीआरओ के अधिकारियों ने बुधवार को संयुक्त निरीक्षण किया। पर्यटक सुबह नौ बजे से तीन बजे तक ही रोहतांग जा सकेंगे। हालांकि, मौसम खराब होने पर दर्रा के लिए पर्यटकों की आवाजाही तुरंत बंद कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि सड़क के मरम्मत कार्य के कारण मंगलवार और बुधवार को रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद रहा। पर्यटक रोहतांग का दीदार नहीं कर पाए। रोहतांग बंद होने के कारण मनाली के स्थानीय पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। मनाली के मालरोड से सोलंगनाला, लाहौल के सिस्सू और कोकसर तक पर्यटकों का मेला लग गया। इस वजह से कई जगह हल्का जाम भी लगा। दिनभर पर्यटन स्थलों में सैर करने के बाद शाम होते ही मनाली के मालरोड में पर्यटकों की भीड़ जुटी। प्रशासन ने पहले 10 दिसंबर तक रोहतांग दर्रा बंद रखने का निर्णय लिया था। एसडीएम रमण कुमार शर्मा की सिफारिश पर उपायुक्त ने अब 18 दिसंबर तक दर्रा खुला रखने के आदेश दिए हैं। पर्यटक ऑनलाइन परमिट लेकर रोहतांग जा सकेंगे। हालांकि गुलाबा से आगे सिर्फ फोर बाई फोर वाहन ही जा सकेंगे।