दाेनों पक्षों के बीच आज होगी बैठक, डीसी-एडीएम से कर चुके हैं मुलाकात
जिला पर्यटन अधिकारी से भी मिल चुके हैं दोनों पक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली के साथ लगती पंचायत पलचान, बुरुआ व शनाग के ग्रामीणों और पर्यटन कारोबारियों के बीच चल रहा विवाद नौ फरवरी को सुलझने की उम्मीद है। विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष नौ फरवरी को बैठक करेंगे।
आपसी सहमति से पनपे विवाद का निपटारा करेंगे। हालांकि, शनिवार को दोनों पक्ष जिला पर्यटन अधिकारी से मिलने जिला मुख्यालय ढालपुर स्थित उनके कार्यालय पहुंचे।
जिला पर्यटन अधिकारी ने भी दोनों पक्षों की बातों को सुना और उन्हें आपस में बैठक कर विवाद को सुलझाने को कहा। गौर रहे कि दोनों पक्षों के विवाद के कारण उन्हें आर्थिक तौर पर नुकसान उठाना पड़ रहा है, लेकिन बढ़ते विवाद के बीच कुल्लू-मनाली घूमने आ रहे पर्यटक भी परेशान हो रहे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि जिला पर्यटन अधिकारी के कहने पर नौ फरवरी को दोनों पक्ष सहमति से विवाद को सुलझाएंगे। इससे पहले दोनों पक्ष उपायुक्त और एडीएम कुल्लू से मुलाकात कर चुके हैं। विवाद को सुलझाने के लिए ज्ञापन भी दोनों अधिकारियों को सौंप चुके हैं। अब जिला पर्यटन अधिकारी से मिलकर अपनी मांग और शिकायत रखी।
जिला पर्यटन अधिकारी सुनयना शर्मा ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश की जा रही है, जिसको लेकर शनिवार को दोनों पक्ष कुल्लू पहुंचे थे। अब नौ फरवरी को मनाली में दोनों पक्षों के बीच बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास रहेगा।
इस कारण बढ़ा था विवाद
स्नो ड्रेस के कारोबारियों ने ग्राम पंचायत पलचान, बुरुआ और शनाग के ग्रामीणों और कारोबारियों पर आरोप लगाया था कि वे उन्हें क्षेत्र में कारोबार करने से रोक रहे हैं। दूसरी तरफ, उपरोक्त पंचायतों के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एडीएम से मुलाकात कर स्नो ड्रेस कारोबारियों के आरोपों को सिरे से नकारते हुए आरोप लगाए थे कि स्नो ड्रेस कारोबारी सभी तरह की साहसिक गतिविधियों का पैकेज बनाकर पर्यटकों से ओवरचार्ज ले रहे हैं। इसको लेकर ग्रामीण और मौके पर काम करने वाले पर्यटन कारोबारी बदनाम हो रहे हैं। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच बढ़ी तकरार के नौ फरवरी को होने वाली बैठक में विराम लगने की उम्मीद बढ़ गई है।