कुल्लू। जिले के भुंतर हवाई अड्डे का विस्तारीकरण होने से कुल्लू-मनाली के पर्यटन को गति मिलेगी। हवाई अड्डे के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। कई सालों से भुंतर हवाई अड्डे की पट्टी का विस्तार लटका हुआ है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रयासों से भुंतर हवाई अड्डे के विस्तार के लिए वन स्वीकृति मिल गई है। हवाई अड्डे के विस्तार से कुल्लू-मनाली के साथ लाहौल-स्पीति सहित पूरे प्रदेश के पर्यटन को पंख लगेंगे।
प्रदेश सरकार ने जुलाई 2023 में यह मामला एफसीए की मंजूरी के लिए भेजा था, जिसकी अब मंजूरी मिलने से कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबारी भी गदगद हो गए हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की ओर से तय नियामक मानकों तथा विस्तारित सुरक्षा उपायों के दृष्टिगत यह स्वीकृति जरूरी थी।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजीव किमटा ने कहा कि कुल्लू घाटी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में भुंतर हवाई अड्डे की महत्वपूर्ण भूमिका है। यहां तक हवाई सेवाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में पर्यटक कुल्लू तथा लाहौल घाटी की सुंदर वादियों में घूमने के लिए पहुंचते हैं। प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सुक्खू सरकार दृढ़ संकल्प है। वह दिन अब दूर नहीं है जब हिमाचल पर्यटन की दृष्टि से सुविधाजनक होगा। संवाद