कुल्लू भाजपा मंडल की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा से सदर विधायक व हाल ही में भाजपा में शामिल हुए महेश्वर सिंह नदारद रहे। इससे मंडल में अंदरखाते चल रही गुटबाजी सामने आने लगी है। सांसद रामस्वरूप शर्मा की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा यात्रा में कुल्लू मंडल से संबंध रखने वाले शीर्ष पदाधिकारियों ने शिरकत की।
हिलोपा के विलय के बाद भाजपा का पहली बार कुल्लू मंडल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, लेकिन भाजपा में वापस लौटे सदर विधायक महेश्वर सिंह कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। इस पर राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चाएं हैं। जिला भाजपा की कार्य समिति बैठक में महेश्वर सिंह की वापसी का अंदरखाते विरोध हो चुका है। हालांकि हाईकमान के आदेश पर महेश्वर सिंह की भाजपा में वापसी हुई है, लेकिन तिरंगा यात्रा कार्यक्रम से अनुपस्थिति अंदरखाते चल रही गुटबाजी को बयां कर रही है।
तिरंगा कार्यक्रम में सांसद रामस्वरूप, प्रदेश महामंत्री राम सिंह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री युवराज बौद्ध, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जीएस बब्बू, जिला अध्यक्ष भीम सेन शर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जबकि विधायक महेश्वर सिंह गायब रहे। उधर, भाजपा जिला अध्यक्ष भीम सेन शर्मा ने कहा कि तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन कुल्लू मंडल की ओर से किया गया है।
इस संबंध में कुल्लू मंडल अध्यक्ष ही बता पाएंगे। कुल्लू मंडल भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सेन ने कहा कि विधायक महेश्वर सिंह को कार्यक्रम की सूचना दी गई थी। भाजपा प्रदेश महामंत्री राम सिंह ने कहा कि 14 अगस्त को आयोजित महासम्मेलन में भी कार्यक्रम के अलावा अन्य माध्यमों से खूब प्रचार किया गया था।
महेश्वर सिंह कार्यक्रम में क्यों नहीं पहुंचे, इस संबंध में वही बता सकते हैं। वहीं, विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि मंदिर में व्यस्तता के कारण तिरंगा कार्यक्रम में नहीं जा सका हूं।