कुल्लू। जिला कुल्लू की सैंज घाटी के हुरचा-जौली सड़क पर मंगलवार शाम एक टिप्पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल ले जाया गया है।
घटना शाम करीब 4:00 बजे हुई है। बताया जा रहा है कि टिपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। इससे चालक पंकज कुमार (21), पुत्र मोहन सिंह निवासी गांव शट्रेई, डाकघर शिरावदार, जिला मंडी की मौत हो गई। वहीं ट्रक में सवार राम प्रकाश निवासी गांव खणगण, तहसील सैंज, जिला कुल्लू और मनोज कुमार (21) निवासी गांव जूमा, जिला मंडी घायल हो गए।
डीएसपी बंजार शेर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक चालक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।