टल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल पर स्थित गुफा होटल समीप खड़े पर्यटक वाहन।--संवाद।
- फोटो : Kullu
केलांग/कुल्लू। अटल टनल रोहतांग से लाहौल घाटी में विशेष तौर पर वीकेंड पर पर्यटकों की बड़ी संख्या में आमद को देखते हुए अब सैलानियों के वाहन लाहौल में सुबह दस से तीन बजे तक आ सकेंगे। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने बुधवार को ट्रैफिक जाम और अन्य समस्याओं को लेकर मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 115 के तहत एक आदेश जारी किए हैं। इस दौरान घाटी में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए शर्तें तय की हैं।
लाहौल-स्पीति के उपायुक्त नीरज कुमार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अटल टनल होकर लाहौल घाटी में किसी भी तरह के पर्यटक वाहन व दोपहिया वाहनों को सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। जिन पर्यटकों के पास लाहौल के होटलों अथवा होम स्टे में ठहरने की बुकिंग होगी वे कभी भी आ जा सकेंगे। नीरज कुमार ने कहा कि लाहौल और पांगी क्षेत्र के स्थानीय लोगों पर यह शर्तें लागू नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि क्रिसमस और नववर्ष के उपलक्ष्य पर भी लाहौल घाटी में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की संभावना है। जिला प्रशासन की ओर से जारी किए गए इस आदेश में वाहन चालकों को भी यह निर्देश दिए गए हैं कि वे सर्दी के मौसम को देखकर ही वाहनों को चलाएं। उपायुक्त ने बताया कि मौसम के अलर्ट और संबंधित एसडीएम की रिपोर्ट के अनुसार इस आदेश में भी आगे परिस्थितियों के अनुरूप बदलाव किए जा सकेंगे।