बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार से सोझा तक चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस को शुश होकर आनी तक चलाया जा रहा है। बस सेवा के विस्तार पर अब नाराजगी भी सामने आई है।
बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने एक बयान में कहा कि आनी क्षेत्र की जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस सेवा का विस्तार स्वागत योग्य है, लेकिन समयसारिणी में बदलाव के कारण बस सेवा को सोझा तक शुरू करने का मकसद समाप्त हो गया है।
निगम की यह बस सोझा तक के स्कूली बच्चों और विभिन्न कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों को सुबह लाने और सायंकाल में वापस ले जाने के लिए लगाई गई थी।
प्रदेश सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन को चाहिए कि अन्य बस लगाकर दोनों क्षेत्रों के हितों का ध्यान रखा जाए या दोनों क्षेत्रों के लिए समयसारिणी में समन्वय स्थापित कर इस बस को चलाया जाए। सोझा बस की समयसारिणी में किसी तरह की छेड़छाड़ न की जाए। संवाद