जिला मुख्यालय के साथ लगते रामशिला में हनुमान मंदिर के ताले तोड़कर चोरों
ने चांदी के छत्र पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज
कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति
ने रामशिला के हनुमान मंदिर में चोरी को लेकर शिकयत पत्र सौंपा है। उसने
पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह मंदिर में पूजा के लिए गया तो उसने
मंदिर के ताले टूटे पाए। जब उसने अंदर का नजारा देखा तो उसके होश फाख्ता हो
गए। मंदिर से चांदी का छत्र गायब था। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस
ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस टीम ने
फोरेंसिक एक्सपर्ट के साथ मंदिर का मुआयना किया है। उन्होंने कहा कि मंदिर
की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई है। घटनास्थल से पुलिस को कुछ ठोस
सुबूत मिले हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द चोर पुलिस की गिरफ्त में
होंगे। वहीं, मंदिर में हुई चोरी से स्थानीय लोग आहत हैं। उन्होंने कहा कि
मंदिर के जिला मुख्यालय से सटा होने तथा नेशनल हाईवे पर स्थित होने के
बावजूद चोर अपने मकसद में कामयाब हो गए। लिहाजा, पुलिस को इलाके में गश्त
बढ़ानी होगी।