कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब महिला और पुरुष मरीजों का पंजीकरण अलग-अलग किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी है। इसके तहत पुरुष मरीजों का पंजीकरण अस्पताल भवन और महिला मरीजों का पंजीकरण मातृ-शिशु खंड में किया जाएगा। बाकायदा इसके लिए अलग-अलग पर्ची पंजीकरण काउंटर बनाए गए हैं। वहीं, विभिन्न टेस्ट करवाने से पहले मरीजों को फीस जमा करवानी होती है। इसके लिए भी फीस काउंटर को अब अस्पताल भवन से शिफ्ट कर मातृ-शिशु खंड में ही स्थापित किया गया है। नई व्यवस्था से मरीजों को सुविधा के साथ लंबी भीड़ में खड़े रहने से निजात मिलने की उम्मीद की जा रही है।
करीब दो हफ्ते पहले क्षेत्रीय अस्पताल के मुख्य द्वार से पंजीकरण काउंटर को शिफ्ट किया गया था, लेकिन जिस स्थान के लिए काउंटर शिफ्ट हुआ था। वहां जगह तंग होने के कारण मरीजों की भीड़ लग रही थी। वहीं, विभिन्न ओपीडी साथ होने के कारण आवाजाही में दिक्कतें आ रही थीं। इसी समस्या के समाधान के लिए प्रबंधन की ओर से पंजीकरण की नई व्यवस्था की गई है। महिला और पुरुष मरीजों के पंजीकरण काउंटर अब अलग-अलग भवनों में स्थापित किए गए हैं। इससे अस्पताल में भीड़ भी कम होगी और मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए किसी तरह की समस्या का सामना भी नहीं करना पड़ रहा है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश ने कहा कि कुल्लू अस्पताल में महिला व पुरुष मरीजों का अलग-अलग स्थानों पर पंजीकरण होगा। मातृ-शिशु खंड में महिलाओं और अस्पताल भवन में पुरुष मरीजों की पर्ची बनाई जाएगी।
-संवाद