कुल्लू। जिला मुख्यालय के क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के लिए जन आक्रोश आंदोलन किया जाएगा। ऐसे में दस मई को पूरा कुल्लू शहर बंद रहेगा। यह बात कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कही।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए प्रदर्शन जारी है। अस्पताल परिसर के बाहर पांचवें दिन विधायक की अगुवाई में खराहल सर्कल के लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में खराहल घाटी के 24 से अधिक महिला मंडलों समेत सैकड़ों लोगों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि क्षेत्रीय अस्पताल से इससे पहले भी कई बार एक साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्थानांतरण किया जा चुका है। कुल्लू की जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ सहन नहीं किया जाएगा। अस्पताल से जितने विशेषज्ञ चिकित्सक स्थानांतरित किए गए हैं, उतने ही विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाए।
कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए किए जा रहे इस प्रदर्शन का व्यापार मंडल कुल्लू ने समर्थन किया है। व्यापार मंडल ने समर्थन में दस मई को शहर बंद रखने का निर्णय किया है। प्रदेश सरकार ने आनन-फानन में तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं, लेकिन यह आदेश महज तीन माह के लिए ही किए गए हैं। क्या तीन माह के बाद कुल्लू समेत चार जिलों के लोग बीमार नहीं होंगे। इस तरह का जुगाड़ नहीं चलेगा। कुल्लू की जनता ने सरकार को एक सप्ताह का समय दिया है। जब तक सभी रिक्त पदों पर विशेषज्ञ चिकित्सक ज्वाइनिंग नहीं करते तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान उत्तम शर्मा, रघुनाथ शर्मा, लाल सिंह आदि उपस्थित रहे।