जिला परिषद कुल्लू की त्रैमासिक बैठक में आमन-सामने हो गए सदस्य और अधिकारी
आरोप - चार सालों से बैठक की कार्यवाही में पेश मसले नहीं सुलझे
बोले- जनता पर भारी पड़ रही है विभागीय अफसरों की लापरवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला परिषद कुल्लू की त्रैमासिक बैठक में कई मसलों पर जिला परिषद सदस्य और विभागों के अधिकारी आमने-सामने हो गए। इस दौरान नोकझोंक भी हुई।
बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई। बरशैणी वार्ड की जिला परिषद सदस्य रेखा गुलेरिया और लझैरी वार्ड के सदस्य जीवन ठाकुर ने नाराजगी जताई कि उनके कई ऐसे प्रश्न हैं, जो चार साल से बैठक की कार्यवाही में पेश किए जा रहे हैं। उनका हल नहीं निकला है। अब एक वर्ष का कार्यकाल बचा है। ये प्रश्न तब तक हटेंगे या नहीं, इस पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही और विभागों में आपसी तालमेल न होने से जनता को इसका खमियाजा भुगतना पड़ रहा है। सदस्य जीवन ठाकुर के उठाए आनी क्षेत्र की सड़कों के मसले के साथ बैठक की कार्यवाही शुरू हुई। सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के मसलों पर जिला परिषद सदस्यों ने सवाल उठाए।
बरशैणी वार्ड की सदस्य रेखा गुलेरिया ने मणिकर्ण घाटी के टाहुक में कूड़ा संयंत्र स्थापित करने के प्रश्न से प्रशासनिक अधिकारियों को घेरने का प्रयास किया। रेखा गुलेरिया और एडीएम के बीच तीखी तकरार भी हुई। इसके बाद जिला परिषद ने कूड़ा संयंत्र टाहुक में न लगाने का प्रस्ताव पारित किया। लाडा के धन आवंटन को लेकर भी रेखा ने अधिकारियों को खरी खेटी सुनाई। धन का सही आवंटन न होने का आरोप लगाया।
रुकमणि ने जल शक्ति विभाग को घेरा
जिला परिषद सदस्य रुकमणि ने भलाण-1 पंचायत के धारा गांव में बने पानी के टैंक का मामला उठाया। कहा कि टैंक करीब आठ साल पहले बनाया है, लेकिन अभी तक इसमें पानी की सप्लाई नहीं हुई है। जलशक्ति विभाग ने टैंक तक सप्लाई के लिए पाइप भी बिछाए गए हैं। उन्होंने मामले की जांच की मांग की है। इस मामले में रुकमणी और जल शक्ति विभाग के अधिकारी आमने-सामने हो गए।
अफसर जल्द पूरा करें लंबित कार्य : एडीएम
जिला परिषद सदस्य पूर्ण ठाकुर ने आपदा में मकान और अन्य नुकसान उठाने वाले लोगों को मुआवजा मिलने की पैरवी की। विद्युत परियोजना से मिलने वाले मुआवजे को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों से तीखे सवाल किए। समस्याओं को समय रहते दूर करने की सिफारिश की। जिला परिषद सदस्य गुलाब ठाकुर, आशा ठाकुर, मीना ठाकुर ने भी अपने-अपने क्षेत्र के मामले उठाए। जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार ने कई मसलों में अधिकारियों को जल्द लंबित कार्यों को पूरा करने की अपील की। एडीएम अश्विनी कुमार ने भी अधिकारियों को लंबित कार्य जल्द निपटाने को कहा।