बंजार सड़क हादसे में घायलों का बंजार अस्पप्ताल में उपचार करते हुए।
रात के अंधेरे में मची चीख-पुकार, देवदूत बन पहुंचे स्थानीय लोग
पुलिस-प्रशासन के साथ खाई में उतर कर 15 पर्यटक किए रेस्क्यू
देर रात तक चला बचाव अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर घियागी से दो किलोमीटर पीछे गांव सोझा ब्रॉगे री जान में टेंपो ट्रैवलर गाड़ी
खाई में गिरी तो मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को बचाने के लिए स्थानीय लोग देवदूत बनकर पहुंचे। टेंपो ट्रैवलर में कुल 20 पर्यटक सवार थे। ये सभी जलोड़ी दर्रा से नीचे बंजार की तरफ आ रहे थे। शाम करीब साढ़े 8 बजे जब यह हादसा पेश आया तो सबसे पहले इसका पता आसपास के लोगों को लगा। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर निकल पड़े। घटनास्थल पर पहुंची प्रशासन व पुलिस टीम के साथ मिलकर लोगों ने घायलों को रेस्क्यू करने में मदद की। हालांकि गहरी खाई होने के चलते घायलों को रेस्क्यू करना आसान नहीं था। इसके बावजूद स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए रेस्क्यू अभियान में बचाव दलों का कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया। रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात तक चला।
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि हादसा दुखद है। उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों से तुरंत मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
बंजार सड़क हादसे में घायलों का बंजार अस्पप्ताल में उपचार करते हुए।