कुल्लू के पाहनाला रूट पर एचआरटीसी की बस के इंतजार में स्कूली छात्र।-जागरूक पाठक।
कुल्लू। जिला कुल्लू के पाहनाला रूट पर स्कूली विद्यार्थियों को बस सुविधा की कमी के चलते रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। सुबह स्कूल जाने के समय बसों में अत्यधिक भीड़ होने के कारण विद्यार्थियों को सफर करने के लिए जगह नहीं मिल रही है। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों को सड़क किनारे खड़े होकर अगली बस का इंतजार करना पड़ता है। कई बार सुबह 9:45 बजे तक विद्यार्थी बस का इंतजार करते रहते हैं, जिससे उन्हें विद्यालय पहुंचने में देरी हो रही है। इसका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों मीना कुमारी, अनिता, शिवानी, रोहिणी, जबना देवी, मीरा ठाकुर और रंजना ने बताया कि पाहनाला से कुल्लू के लिए सुबह 8:30 बजे बस चलती है, लेकिन इसमें पहले से ही काफी भीड़ रहती है। बस में जगह नहीं होने के कारण स्कूली विद्यार्थियों को बस सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता। विद्यार्थियों को रोजाना इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर स्कूल नहीं पहुंचने के कारण विद्यार्थियों की कक्षाएं छूट रही हैं और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और हिमाचल पथ परिवहन निगम से मांग उठाई है कि पाहनाला रूट पर सुबह स्कूल जाने के समय अतिरिक्त बस चलाई जाए, जिससे विद्यार्थियों को समय पर स्कूल पहुंचने के लिए पर्याप्त परिवहन सुविधा मिल सके। इस संबंध में निगम के बस अड्डा प्रभारी खूबराम ने कहा कि सुबह पाहनाला से कुल्लू के लिए इलेक्ट्रिक बस चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बस में विद्यार्थियों को बैठाने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है।