दो दिनों में बर्षा का पानी संग्रहित कर इस्तेमाल किया पानी
पीने के लिए बाजार से खरीदी पानी की बोतलें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। भारी बारिश के चलते कुल्लू शहर के लिए आने वाली पानी की सप्लाई बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। तीन दिनों में लोगों ने बर्षा का पानी संग्रहित कर इस्तेमाल किया है जबकि पीने के लिए लोगों को बाजार से पानी की बोतलें खरीदनी पड़ीं।
हालांकि कुछ इलाकों में कुछ समय के लिए पानी आ रहा है लेकिन अधिकतर इलाके ऐसे हैं जहां नलों में पानी नहीं आया है। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। हालांकि विभाग का दावा है कि वह पानी उपलब्ध करने की कोशिश कर रहे हैं और एक दो दिनों के भीतर नियमित रूप से पानी उपलब्ध करवाया जाएगा लेकिन धरातल पर विभाग की यह दलील भी हवाई सावित होने लगी है। हनुमानी बाग क्षेत्र में कई घरों में अभी तक पानी उपलब्ध नहीं हो पाया है। लोगाें का कहना है कि उनके घरों में पिछले चार दिनों से पानी नहीं आया है और वह सार्वजनिक नल से पानी भरने को मजबूर है जहां लोगों की पानी भरने के लिए लाइनें लग रही है। इससे उनका सारा समय पानी ढोने में जा रहा है।
इसके अलावा सरबरी, अखाड़ा, ढालपुर, मिंयाबेहड, बाला बेहड क्षेत्र में भी पानी की समस्या पैदा हो गई है। यहां भी लोगों को पानी के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। लोगों ने जलशक्ति विभाग से मांग की है कि उनके लिए पानी की सुचारू रूप से सप्लाई शुरू की जाए ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उधर, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता अंकित विष्ट का कहना है कि विभाग शहर में पानी उपलब्ध करने का प्रयास कर रहा है और जल्द ही शहर में पीने के पानी की सप्लाई सुचारू कर दी जाएगी।