कुल्लू जिला में लगातार हो रही बारिश से ब्यास नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। नदी किनारे मकानो
सोमवार रात से बना रहा अफरातफरी और दहशत का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में सोमवार रात से लेकर पूरी तरह से अफरातफरी का माहौल बना रहा। सोमवार को रात को जैसे ही ब्यास का जलस्तर बढ़ा तो क्षेत्र में माहौल पूरी तरह से दहशत भरा हो गया।
रात को पहले पुलिस और रेस्क्यू दल ने आलूग्राउंड सब्जी मंडी में फंसे एक व्यक्ति को एलएनटी के माध्यम से रेस्क्यू किया और उसके बाद से यहां ब्यास का पानी सड़क पर बह रहा है और सड़क पूरी तरह से डैमेज कर दी है। मंगलवार सुबह से घाटी में तमाम नाले उफान पर आ गए। इससे ब्यास नदी के रौद्र रूप से बाहंग में 2 रेस्टोरेंट, 3 दुकानें, 1 घर और तीन शेड बह गए हैं। इसके अलावा ओल्ड मनाली में 7 खोखे बह गए हैं। ढुंगरी में ओल्ड मनाली को जोड़ने वाला पुल भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। उधर, मनाली के वशिष्ट से मनाली ब्रिज तक दो जगह सड़क पूरी तरह डैमेज हो गई है। इससे घाटी के लोगों का आना-जाना पूरी तरह से बंद हो गया है।
आलूग्राउंड, बिंदु ढांक के पास सड़क क्षतिग्रस्त हो जाने से मनाली और कुल्लू के बीच राइट बैंक होकर वाहनों की आवाजाही बंद पड़ गई है और वाहनों की आवाजाही मनाली से लेफ्ट बैंक होकर रायसन पुल से राइट बैंक मार्ग में डायवर्ट की गई है। इससे कुल्लू मनाली के बीच आने जाने वालों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
सेउबाग पुल का हिस्सा भी बहा
इधर, सेउबाग के पास ब्यास नदी पर बने पुल का भी एक छोटे हिस्से में बनी पुलिया भी बह गई है। पतलीकूहल में ब्यास नदी पर बने पुल को जोड़ने वाले मार्ग का हिस्सा भी बह गया है।