आज 2 बजे हो पाएगा बहाल, आपातकालीन वाहनों की आवाजाही जारी
फोटो सहित
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। संसारी-किलाड़-थिरोट-तांदी मार्ग मंगलवार को तिंदी से किलाड़ तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहा। बीआरओ की ओर से तिंदी से कडूनाला तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी के चलते मार्ग को निर्धारित अवधि के लिए बंद रखा गया है। बीआरओ ने सड़क चौड़ीकरण के कार्य में तेजी लाते हुए अब मार्ग को 24 घंटे के बजाय 27 घंटे बंद रखने का निर्णय लिया है।
मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे तिंदी से किलाड़ के बीच वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। मार्ग बुधवार दोपहर दो बजे सामान्य वाहनों के लिए बहाल किया जाएगा। इस दौरान करीब 27 घंटे तक छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। पांगी की ओर जाने वाले लोगों और पर्यटकों को बीआरओ की टीम तिंदी में ही रोक रही है। मार्ग बंद रहने के दौरान आपातकालीन वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी, जबकि सामान्य वाहनों को निर्धारित समय तक तिंदी में ही रुकना होगा। बीआरओ की ओर से इस चरण में तिंदी से कडूनाला तक सड़क चौड़ीकरण का लक्ष्य रखा गया है। मार्ग बहाल होने के बाद ही पांगी की ओर सामान्य वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकेगी। संवाद